बोध ही जीवन है

प्रश्न: सर, जैसा कि नाम कहता है ‘अद्वैत लाइफ-एजुकेशन’, तो मेरा सवाल यह है कि जीवन(लाइफ) क्या है| मैं ये भी पूछना चाहती हूँ की हमारी ज़िन्दगी में ऐसा क्या है जो हमारा अपना है| सब कुछ तो हमें समाज से मिलता है| समाज ने ही हमें ये बताया कि हमें ये करना चाहिए, वो करना चाहिए| तो इसमें हमारा क्या है?

वक्ता: सबसे पहले तो ये जान लेना कि सब कुछ बाहर से आता है, ये बड़ी बात है| सब कुछ पाया ही हुआ है| शरीर की जो पहली दो कोशिकाएं हैं, वो बाहर से आती हैं और उसके बाद वो सब कुछ जिसे तुम अपना बोलते हो, वो बाहर ही बाहर से आता रहता है| शरीर बना है खाने से, हवा से, पानी से, और ये सब बाहरी है| शुरुआत से लेकर अंत तक शरीर बाहर ही बाहर का है| उसका जो ढांचा है पूरा, उसका पदार्थ ही नहीं, उसका जो ढांचा है पूरा, वो बाहरी है| तुमने नहीं तय किया था कि हाथ में पांच ऊँगलियाँ ही हों, तुमने नहीं तय किया था कि दो आँखें ही हों| ये बात बाहरी ही है |

मन में जो विचार उठते हैं, वो भी सब बाहरी ही हैं| बाहर से कोई बात है जो अंदर आकर बैठती है, वही बात चित्त बनती जाती है और चित्त में फिर विचार उठते हैं| शरीर बाहरी, मन बाहरी और ये जो दुनिया दिखाई दे रही है आँखों से, ये तो बाहरी है ही| तो अच्छा सवाल है शुरू करने के लिए कि मेरा क्या है ?

क्या बाहरी खुद जान सकता है कि ‘मैं बाहरी हूँ’? कौन ये समझ रहा है कि ये सब कुछ बाहरी है? कौन समझ रहा है इस बात को ? जो समझने वाला है, क्या वो खुद भी बाहरी हो सकता है? ठीक है आँखें बाहर को देख रहीं हैं और आँखों को जो कुछ दिखाई देगा वो बाहर का ही होगा| पर आँखों ने जो कुछ देखा, उसको समझने वाला, उसको जान जाने वाला, उसका बोध कर लेने वाला वो बाहरी नहीं हो सकता| वो बाहरी नहीं हो सकता|

आचार्य प्रशान्त - Acharya Prashant

रचनाकार, वक्ता, वेदांत मर्मज्ञ, IIT-IIM अलुमनस व पूर्व सिविल सेवा अधिकारी | acharyaprashant.org